न्यूज डेस्क , अयोध्या
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या दौरे के दौरान ‘आंगनवाड़ी की आवाज-स्वस्थ बच्चा, शिक्षित समाज’ कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मेधावी बच्चों और पोषण, शिक्षा एवं महिला कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अधीक्षिकाओं को सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बढ़े हुए मानदेय के चेक भी प्रदान किए गए। इसके अलावा प्रदेश की 2,51,162 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए साड़ी खरीदने को डीबीटी के माध्यम से 29.11 करोड़ रुपये** की धनराशि का अंतरण किया गया। मुख्यमंत्री ने ‘नवीन टेक होम राशन (टीएचआर)’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।
बढ़े हुए मानदेय का चेक
मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुनीता पांडेय और आंगनवाड़ी सहायिका **सोनी साहू** को बढ़े हुए मानदेय का चेक प्रदान किया।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को साड़ी वितरण
कार्यक्रम में ममता पांडेय, नीलम यादव, अर्चना मिश्रा और सोनी साहू** को साड़ी भी वितरित की गई।
नव नियुक्त कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र
नव नियुक्त आंगनवाड़ी सहायिकाओं ज्योति निषाद और अमृता निषाद को मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
कुपोषण से सामान्य पोषण की स्थिति में पहुंचे बच्चों का सम्मान
अति कुपोषित श्रेणी से सामान्य पोषण स्थिति प्राप्त करने वाले बच्चों अनाया और परी कन्नौजिया तथा संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मिथलेश कुमारी को भी सम्मानित किया गया।
मेधावी बच्चों को प्रशस्ति पत्र और बैग
महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित संवासिनी गृह में रह रहे बच्चों में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मान मिला। **मोहिनी पाल** ने इंटरमीडिएट में 82.02 प्रतिशत, **भाविनी शर्मा** ने हाईस्कूल में 89.16 प्रतिशत और **देवेश यादव** ने हाईस्कूल में 77 प्रतिशत अंक हासिल किए। मुख्यमंत्री ने तीनों को प्रशस्ति पत्र और बैग प्रदान किए।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए महिला कल्याण विभाग की अधिकारी सम्मानित
महिला कल्याण विभाग में उत्कृष्ट विभागीय सेवाओं के लिए सफलता अधीक्षिका राजकीय बाल गृह बालिका, लखनऊ और नीतू सिंह पर्यवेक्षक राजकीय बाल गृह बालिका, प्रयागराज को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एवरेस्ट बेस कैंप अभियान में शामिल बालिकाओं का सम्मान
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत माउंट एवरेस्ट बेस कैंप विजय अभियान में शामिल **नीलांशु, प्रियंका उपाध्याय और प्रियंका प्रजापति** को भी मुख्यमंत्री ने प्रशस्ति पत्र और बैग देकर सम्मानित किया।
CSR के जरिए आंगनवाड़ी केंद्रों को मिली प्री-स्कूल किट
कार्यक्रम के दौरान आईआरएफसी, नई दिल्ली के चीफ जनरल मैनेजर श्वेतकेतु मिश्रा और अवनीश प्रकाश की ओर से दो करोड़ रुपये के सीएसआर के माध्यम से अयोध्या के 1,250 आंगनवाड़ी केंद्रों को प्री-स्कूल किट उपलब्ध कराई गई।
वहीं, भारत केयर्स के सीईओ भोमिक शाह की ओर से 5,000 छात्राओं को स्कॉलरशिप प्रदान की गई। इसके साथ ही ‘जगमग अयोध्या’ कार्यक्रम का भी क्रियान्वयन कराया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन योगदानकर्ताओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
