लखनऊ। गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क में बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मुख्यमंत्री गांधी आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने चरखा चलाकर स्वदेशी, खादी और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलनों का नेतृत्व किया और उन्हें जनआंदोलन में बदलने का काम किया। उन्होंने कहा कि गांधी आश्रम के कपड़ों और चरखे से उनकी बचपन की यादें जुड़ी हुई हैं। चरखा केवल सूत कातने का साधन नहीं, बल्कि भारत के स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि गांधी जी का स्वदेशी से स्वावलंबन का मंत्र आजादी के आंदोलन की महत्वपूर्ण ताकत बना। उनके नेतृत्व में बिखरा हुआ स्वतंत्रता आंदोलन जनआंदोलन में बदला और देशवासियों में स्वदेशी तथा आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हुई।
खादी को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से स्वदेशी, स्वच्छता और स्वावलंबन को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और बुनकरों के हुनर को सम्मान देने से उन्हें बेहतर अवसर मिल सकते हैं। ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना के जरिए स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में गांधी जयंती के अवसर पर खादी के वस्त्रों पर 30 जनवरी 2027 तक 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। उन्होंने लोगों से खादी अपनाने की अपील की।
शास्त्री जी को भी किया याद
इससे पहले मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शास्त्री जी की सादगी, सज्जनता और दृढ़ व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जो कहा, उसे करके दिखाया। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा स्वतंत्र भारत का मंत्र बन गया।
योगी ने कहा कि एक तरफ जवान सीमाओं की सुरक्षा में जुटा था, वहीं किसान देश की खाद्यान्न जरूरतों को पूरा करने के लिए मेहनत कर रहा था। शास्त्री जी के आह्वान ने देश में जवान और किसान के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।
बच्चों ने गाए बापू के प्रिय भजन
कार्यक्रम में बच्चों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठकर भजन सुने। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
स्वच्छ भारत अभियान का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को लेकर देश को जो संदेश दिया था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का यह अभियान स्वच्छ और स्वस्थ भारत की दिशा में महत्वपूर्ण आधार बना है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गांधी जी के स्वदेशी, स्वावलंबन, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन देते हैं।
