मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का जल्द और प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “चिंता मत करें, सबकी समस्या पर प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी।”
मुख्यमंत्री खुद महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों से प्रार्थना पत्र लिए और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अलग-अलग मामलों से संबंधित शिकायतों को संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को भेजते हुए सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मामलों का निस्तारण निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से किया जाए।
अपराध और जमीन पर जबरन कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों के प्रार्थना पत्रों पर उन्होंने अस्पतालों से इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कराने को कहा। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि इस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को दुलारते हुए उन्हें चॉकलेट दी और आशीर्वाद दिया।
सीएम योगी की आवाज सुन दौड़कर पास आए गोवंश
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर की गोशाला पहुंचकर गोसेवा भी की। गोशाला में भ्रमण के दौरान उन्होंने कुछ गोवंश को उनके नाम से पुकारा। मुख्यमंत्री की आवाज सुनते ही गोवंश दौड़कर उनके पास पहुंच गए।
सीएम योगी ने गोवंश के माथे पर हाथ फेरकर उन्हें दुलारा और अपने हाथों से गुड़ खिलाया। उन्होंने गोशाला की अन्य गायों और नंदी को भी गुड़ खिलाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं से गायों की देखभाल की जानकारी ली और उनके बेहतर रखरखाव के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
