उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान बरेली की रहने वाली दीप्ति ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी आर्थिक परेशानी रखी। उन्होंने बताया कि वह किराए के मकान में रहकर ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की परवरिश में दिक्कत हो रही है। इस पर सीएम योगी ने बरेली के डीएम को निर्देश दिए कि उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ दिलाया जाए।
इलाज के लिए सरकार करेगी मदद
जनता दर्शन में कई लोगों ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल एस्टिमेट बनाकर शासन को भेजने का निर्देश दिया और कहा कि “आप अपने घरवालों की चिंता कीजिए, इलाज की चिंता सरकार करेगी।”
बच्चों की पढ़ाई न रुके, सख्त निर्देश
कुछ अभिभावकों ने आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात कही। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी बच्चे की शिक्षा नहीं रुकनी चाहिए और स्कूल प्रबंधन से समन्वय बनाकर पढ़ाई जारी रखने की व्यवस्था की जाए।
अवैध कब्जे और पुलिस लापरवाही पर कार्रवाई
सीएम योगी ने अवैध कब्जे और पुलिस की लापरवाही से जुड़े मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें संतुष्ट करे।
आवास योजना का मिलेगा लाभ
जनता दर्शन में आवास की मांग लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना और राज्य की योजनाओं के तहत आवास उपलब्ध कराया जाएगा। संबंधित जिलों के डीएम को आवेदन पत्र भेजकर पात्रता के आधार पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
