उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ में प्रदेशभर से आए फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार का कर्तव्य है और राज्य सरकार इसी संकल्प के साथ प्रदेश की 25 करोड़ जनता की सेवा कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर पात्र व्यक्ति की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

दर्द लेकर आईं, दुआ देकर गईं
बरेली की रहने वाली दीप्ति भी जनता दर्शन में अपनी परेशानी लेकर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वह किराए के मकान में रहकर ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं और आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की देखभाल में कठिनाई हो रही है।
सीएम योगी ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर हो सके। मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता देखकर दीप्ति भावुक हो गईं और जाते समय उन्होंने मुख्यमंत्री को दुआएं दीं।

सरकार हर जरूरतमंद के साथ
जनता दर्शन में अन्य फरियादियों ने भी इलाज, शिक्षा, आवास और आर्थिक सहायता से जुड़ी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और सभी तक विकास की रोशनी पहुंचे।
