श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा पहुंचे। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर परिसर के गर्भगृह और भागवत भवन में ठाकुर जी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बृजवासियों के साथ प्रदेश और देशवासियों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मंदिर परिसर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी ने ‘गौ सेवा समर्पित अभियान’ का शुभारंभ किया और गोसेवा कर गायों की पूजा की। इसके बाद उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दर्शन किए और श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।
‘संस्कृति को कोई मिटा नहीं पाएगा’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर उनका 5253वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह भूमि भारत की करीब 5000 वर्ष पुरानी संस्कृति, सभ्यता और विरासत की साक्षी है।
सीएम योगी ने कहा कि द्वापर युग में भी कंस ने भारतीय संस्कृति और परंपरा को समाप्त करने का प्रयास किया था, लेकिन अंत में कंस का ही अंत हुआ। उन्होंने कहा कि आज भी कुछ लोग भारतीय संस्कृति को समाप्त करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन संस्कृति को मिटाने का प्रयास करने वाले लोग खुद ही समाप्त हो जाएंगे।
‘डबल इंजन की सरकार करा रही चौमुखी विकास’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार राज्य में चौमुखी विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने काशी और अयोध्या का उदाहरण देते हुए कहा कि इन धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर देश के कोने-कोने से श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं का रखा जा रहा ध्यान
सीएम योगी ने कहा कि मंदिरों में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सरकार ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरी योजना के साथ व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि श्रद्धालु व्यवस्थित और भक्तिमय माहौल में भगवान के दर्शन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति हजारों वर्ष पुरानी है और तमाम चुनौतियों के बावजूद इसकी परंपरा लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आक्रांताओं ने भी भारतीय संस्कृति को नुकसान पहुंचाने और उसे समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन संस्कृति और परंपराएं आज भी जीवंत हैं।
श्रद्धालुओं पर की पुष्प वर्षा
अपने संबोधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। मथुरा में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला।
