Homeउत्तर प्रदेशमोदी ने तप-साधना और संघर्ष से बनाई पहचान, 17 सितंबर से यूपी...

मोदी ने तप-साधना और संघर्ष से बनाई पहचान, 17 सितंबर से यूपी में चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’: योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ न कोई वंश परंपरा थी और न ही उन्हें कोई राजनीतिक विरासत विरासत में मिली थी। उन्होंने तप, साधना, संघर्ष और देश के लिए कुछ कर गुजरने की भावना के साथ अपनी पहचान बनाई। आज उनकी वर्षों की साधना और संघर्ष का लाभ पूरे देश को एक मजबूत नेतृत्व के रूप में मिल रहा है।

शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।

योगी ने कहा कि सात अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस यात्रा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन मिलकर अलग-अलग सेवा कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन प्रदेशभर में ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन ग्राम पंचायतों, नगर निकायों और प्रमुख प्रतिष्ठानों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इसके माध्यम से लोग प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करेंगे।

इस दौरान अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर और अन्य सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी इन कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

बड़नगर और काशी के बीच निकलेंगी 20 यात्राएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़नगर से काशी तक की यात्रा को भी सेवा संकल्प अभियान से जोड़ा गया है। बड़नगर से काशी के लिए 10 और काशी से बड़नगर के लिए 10 यात्राएं निकाली जाएंगी।

बड़नगर का जल लेकर यात्राएं काशी पहुंचेंगी, जबकि उत्तर प्रदेश की 10 प्रमुख नदियों का पवित्र जल लेकर यात्राएं बड़नगर जाएंगी। सभी यात्राएं 17 सितंबर से शुरू होकर सात अक्तूबर को अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।

यात्राओं के मार्ग में प्रतिदिन चार स्थानों पर चौपाल और जनसंवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘सेवा सेतु’ से पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ेंगे

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि अभियान के तहत सरकारी योजनाओं से अब तक वंचित पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाएंगे।

29 और 30 सितंबर से 10 अक्तूबर के बीच प्रत्येक विकासखंड और जिला मुख्यालय के नगर निकाय में करीब छह से सात दिन तक शिविर लगाने की योजना है। इन शिविरों में स्वास्थ्य योजनाओं के साथ पेंशन, आवास, शौचालय, राशन कार्ड समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए पात्र लोगों का पंजीकरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजीकरण के बाद दो से तीन दिन के भीतर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर संबंधित कार्ड या योजना का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास होगा। प्रदेश में 826 विकासखंड और 762 नगर निकाय हैं। जरूरत पड़ने पर अभियान को दो चरणों में चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रयास यह रहेगा कि कोई पात्र व्यक्ति सिर्फ आवेदन करके वापस न लौटे, बल्कि शिविर के दौरान ही उसे संबंधित योजना से जोड़ने की कार्रवाई पूरी की जाए। इन शिविरों में जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

स्कूल से विश्वविद्यालय तक होंगे प्रतियोगिताएं

‘सेवा संकल्प अभियान’ में बच्चों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन और महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी।

इन प्रतियोगिताओं की थीम ‘आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश’ होगी। गांव, विकासखंड और जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। सात अक्तूबर को प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं कार्यक्रम में शामिल होकर विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे।

सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्तूबर के बीच ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके तहत मलिन बस्तियों, घाटों, देवालयों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता एवं सेवा के कार्यक्रम होंगे।

इन कार्यक्रमों में मंत्री, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और आम नागरिक भाग लेंगे। अभियान में ‘एक पेड़ मां के नाम’, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल, गोसेवा और युवाओं की करियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम भी शामिल किए जाएंगे।

तकनीकी छात्रों और स्टार्टअप के लिए इनोवेशन चैलेंज

आईटीआई, पॉलिटेक्निक, तकनीकी संस्थानों, विश्वविद्यालयों और स्टार्टअप को जोड़कर ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में करीब 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 24 हजार से अधिक हो चुकी है। अटल टिंकरिंग लैब और इनक्यूबेटर सेंटर के साथ ड्रोन, रोबोटिक्स और स्पेस टेक्नोलॉजी से जुड़े विद्यार्थी एवं युवा भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके अलावा ‘राष्ट्र के रंग, सेवा के रंग और राष्ट्र के संग’ थीम पर रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। पंचायत और नगर निकाय के जनप्रतिनिधियों के साथ ‘सुशासन सेवा संवाद’ कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

राजीव गांधी के बयान का जिक्र कर कांग्रेस पर निशाना

पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस कथन का जिक्र किया, जिसमें दिल्ली से भेजे गए 100 रुपये में से केवल 15 रुपये गरीब तक पहुंचने की बात कही गई थी।

योगी ने कहा कि जनधन खातों और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) की व्यवस्था के बाद अब सरकार की ओर से भेजी गई राशि सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंचती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ‘फ्रेजाइल फाइव’ से निकलकर दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट और वाटरवे के क्षेत्र में बड़े स्तर पर काम हुआ है। वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें नए भारत की पहचान बनी हैं।

‘2014 के बाद गुलामी की मानसिकता से बाहर निकला भारत’

मुख्यमंत्री ने देश की विरासत के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने सोमनाथ मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के वहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का विरोध किया था।

योगी ने कहा कि लंबे समय तक देश की विरासत को अपमानित करने और लोगों के मन में गुलामी की मानसिकता बनाए रखने का प्रयास किया गया। उनके मुताबिक वर्ष 2014 के बाद भारत इस मानसिकता से बाहर निकला।

उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण और भव्य-दिव्य कुंभ का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विरासत और विकास को एक साथ आगे बढ़ाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के कारण देश में 26 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं, जिनमें छह करोड़ से अधिक उत्तर प्रदेश के हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 16 करोड़ गरीब विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं।

आवास, शौचालय, उज्ज्वला, बिजली, राशन और पेयजल जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि इन योजनाओं ने गरीब परिवारों को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आधार दिया है।

दीनदयाल उपाध्याय और गांधी जयंती भी अभियान से जुड़ेंगी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की सेवा यात्रा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज की भावना भी शामिल है।

इसी क्रम में 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती और दो अक्तूबर को गांधी जयंती को भी सेवा संकल्प अभियान से जोड़ा जाएगा। अभियान गांव और बूथ स्तर से लेकर शक्ति केंद्र, विकासखंड, जिला और प्रदेश स्तर तक 17 अक्तूबर तक चलेगा।

पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय समेत कई पत्रकार मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular