Homeउत्तर प्रदेश50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट देंगे सीएम योगी, गोरखपुर मंडल में डिजिटल...

50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट देंगे सीएम योगी, गोरखपुर मंडल में डिजिटल क्रांति को मिलेगी रफ्तार

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोरखपुर मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित चंपा देवी पार्क में भव्य टैबलेट वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के विद्यार्थी शामिल होंगे।

इस वितरण अभियान में सबसे ज्यादा 35 हजार टैबलेट गोरखपुर जिले के विद्यार्थियों को दिए जाएंगे। वहीं, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के पांच-पांच हजार विद्यार्थियों को टैबलेट मिलेंगे। एक ही दिन में 50 हजार युवाओं को डिजिटल डिवाइस मिलने से मंडल में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

गोरखपुर में 1.41 लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिला लाभ

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत गोरखपुर जिले में अब तक 1,41,085 विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी दीपक मीणा के अनुसार, वर्ष 2021-22 में योजना की शुरुआत के बाद से यह अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। जिले में आवंटित शत-प्रतिशत स्मार्टफोन का वितरण पूरा हो चुका है, जबकि शेष 52,800 टैबलेट कॉलेजों के माध्यम से वितरित किए जा रहे हैं।

इस योजना में स्नातक और स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों के साथ डिप्लोमा, कौशल विकास, पैरामेडिकल और नर्सिंग जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं को भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

पढ़ाई और रोजगार के नए अवसर

योजना के तहत मिलने वाले टैबलेट और स्मार्टफोन विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और सूचना का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। इनके जरिए छात्र घर बैठे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय और महाविद्यालय फ्लैश मैसेज के माध्यम से कक्षाओं, पाठ्यक्रम और परीक्षाओं से जुड़े जरूरी अपडेट सीधे विद्यार्थियों के डिवाइस पर भेज रहे हैं

सरकार की इस पहल से डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते भी खुल रहे हैं।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular