लखनऊ/आगरा, 6 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 अप्रैल को आगरा में 5142 करोड़ रुपये की लागत वाली ‘ग्रेटर आगरा’ योजना का भूमिपूजन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वे टाउनशिप मॉडल का निरीक्षण भी करेंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम के साथ ही वृंदावन में आयोजित श्रीमद् जगतगुरु द्वाराचार्य श्री मलूकनाथ जी महाराज की 452वीं जयंती महोत्सव में भी शामिल होंगे।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगा ‘ग्रेटर आगरा’
आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा ‘नए शहर प्रोत्साहन योजना’ के तहत ग्राम रायपुर और रहन कलां में 449.65 हेक्टेयर क्षेत्र में इस टाउनशिप का विकास किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत 10 आधुनिक आवासीय सेक्टर विकसित किए जाएंगे, जिनमें चौड़ी सड़कें, पार्क, निर्बाध बिजली-पानी और सभी आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
जनसभा को भी करेंगे संबोधित
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 4:25 बजे कार्यक्रम स्थल पर उतरेगा। 4:30 बजे वे परियोजना का शिलान्यास करेंगे, जिसके बाद अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण करते हुए जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद शाम 5:25 बजे वे आगरा से प्रस्थान करेंगे।
प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘ग्रेटर आगरा’ परियोजना शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और इसे विश्वस्तरीय रूप देने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
