लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath 22 फरवरी से सिंगापुर और जापान के चार दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे। इस दौरान उनके साथ 11 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा। यह दौरा निवेश आकर्षित करने और उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री अपने विदेश दौरे पर भी पारंपरिक भगवा वस्त्रों में नजर आएंगे। हालांकि, आधिकारिक कार्यक्रमों को देखते हुए इस बार वे सैंडल की जगह जूते पहनेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन शामिल
सीएम योगी के साथ प्रतिनिधिमंडल में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, ओएसडी आरबीएस रावत, विशेष सचिव अमित सिंह, आईएएस दीपक कुमार, प्रमुख सचिव श्रम, प्रमुख सचिव आईटी, प्रमुख सचिव पर्यटन, Invest UP के सीईओ और नेडा (NEDA) के निदेशक शामिल रहेंगे।
सिंगापुर में दो दिन, फिर जापान दौरा
मुख्यमंत्री 23-24 फरवरी को Singapore में रहेंगे, जबकि 25-26 फरवरी को Japan का दौरा करेंगे। दोनों देशों में कम्यूनिटी इवेंट आयोजित किए जाएंगे, जहां वे भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करेंगे।
इसके साथ ही निवेश को बढ़ावा देने के लिए रोड शो भी आयोजित होंगे। सिंगापुर में प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, गृहमंत्री और विदेश मंत्री से मुलाकात संभावित है। वहीं जापान में सीएम योगी की यामानाशी प्रांत के गवर्नर से भी भेंट हो सकती है।
निवेश और उद्योग पर रहेगा फोकस
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ऑटोमोबाइल, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, बायोटेक्नोलॉजी, नवीकरणीय ऊर्जा, फिनटेक और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए कंपनियों को आमंत्रित करेंगे।
राज्य सरकार का मानना है कि सिंगापुर और जापान जैसे तकनीकी रूप से उन्नत देशों के साथ साझेदारी से प्रदेश में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और तकनीकी हस्तांतरण को नई गति मिलेगी।
सीएम योगी का यह विदेश दौरा उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और मजबूत स्थिति दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
