भोपाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को भोपाल पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की दिवंगत मां काशी बाई को श्रद्धांजलि अर्पित की। काशी बाई का 30 अक्टूबर को निधन हो गया था।
सीएम योगी शिवराज सिंह चौहान के परिवार की ओर से आयोजित त्रयोदशी संस्कार एवं शांति भोज में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने काशी बाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही शिवराज सिंह चौहान और उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान मिले और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्राप्त हो।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने काशी बाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

