उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बाराबंकी दौरे के दौरान बाबरी मस्जिद, राम मंदिर और कानून-व्यवस्था को लेकर बेहद सख्त बयान दिया. श्री हनुमत विराट महायज्ञ एवं श्रीरामार्चा पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि “कयामत की रात कभी नहीं आएगी, इसलिए बाबरी मस्जिद का पुनर्निर्माण कभी संभव नहीं है.”
सीएम योगी ने कहा कि जो लोग कयामत के दिन का सपना देख रहे हैं, वे ऐसे ही सड़-गल जाएंगे. उन्होंने कहा, “कयामत के दिन के लिए मत जियो, हिंदुस्तान में कायदे से रहना सीखो. जो कानून तोड़ेगा, वो सीधे जहन्नुम में जाएगा.”
राम मंदिर पर बोले योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह डबल इंजन की सरकार है और भाजपा ने जो कहा था, वो करके दिखाया.
उन्होंने कहा, “हमने कहा था रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे और आज मंदिर बन चुका है. इसमें कोई संदेह नहीं है.”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो राम को भूल गए, भगवान राम भी उन्हें भूल चुके हैं. ऐसे लोगों की नैया अब कभी पार नहीं होगी. उन्होंने कहा कि “रामद्रोहियों के लिए अब कोई जगह नहीं बची है.”
2017 से पहले कोई सुरक्षित नहीं था
सीएम योगी ने मंच से पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं था.
उन्होंने कहा कि पहले गरीबों की जमीनों पर कब्जा हो जाता था, अराजकता चरम पर थी, लेकिन सरकार बदलते ही यह सब खत्म हो गया. आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत है और हर वर्ग सुरक्षित महसूस कर रहा है.
उन्होंने कहा कि बेटी सुरक्षित होगी तो समाज सुरक्षित होगा, व्यापारी सुरक्षित होगा तो तरक्की होगी. आज प्रदेश में समय पर वेतन दिया जा रहा है और करोड़ों लोगों को पेंशन मिल रही है.
जीरो टॉलरेंस की नीति
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि उनकी सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है.
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “जो कानून अपने हाथ में लेगा, उसे ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि उसकी पीढ़ियां याद रखेंगी.”
गरीबों को मिला लाभ, बदली तस्वीर
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यूपी के करीब 60 लाख गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिले.
उन्होंने कहा कि पहले गांवों में बिजली, शौचालय और साफ पानी नहीं था, लेकिन अब हर घर में शौचालय, बिजली और स्वच्छ जल उपलब्ध कराया जा रहा है.
500 साल में नहीं बना मंदिर, भाजपा सरकार में बना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 500 साल में कई राजा-महाराजा आए, देश आजाद हुआ, कई सरकारें बनीं, लेकिन किसी ने अयोध्या में राम मंदिर बनाने की नहीं सोची.
उन्होंने कहा कि राम मंदिर भाजपा सरकार में बना, जहां आज लाखों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंच रहे हैं.
बाराबंकी के विकास को लेकर घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि
-
84 कोसी परिक्रमा मार्ग बाराबंकी से होकर गुजरेगा
-
बाराबंकी को SCR में शामिल किया गया है
-
रामसनेहीघाट में भव्य औद्योगिक पार्क बनेगा
-
लोधेश्वर महादेव मंदिर में काशी विश्वनाथ की तर्ज पर कॉरिडोर बनेगा
-
बाराबंकी को विकास प्राधिकरण दिया जाएगा
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महंत, भाजपा पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे. इस दौरान 79 जोड़ों का सामूहिक विवाह भी संपन्न हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री ने नवविवाहितों को आशीर्वाद दिया.
