लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के चीफ़ व्हीप मनिकम टैगोर ने अमेरिका में कथित तौर पर अवैध दस्तावेज़ के बगैर रह रहे भारतीयों को वापस भेजने के मुद्दे पर लोकसभा में कार्य स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है.अंग्रेज़ी अख़बार द हिन्दू के मुताबिक़ मनिकम टैगोर ने इसे ‘अमानवीय’ बताया है.
इस मुद्दे पर लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने भी कार्य स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है.समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ गौरव गोगोई ने भारतीयों को वापस भेजने के तरीके को दु:खद और अपमानजनक बताया है.
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, “पिछले साल मैंने अवैध प्रवास और बड़ी संख्या में लोगों के बाहर जाने के मुद्दे को उठाया था. ये हालात देश में पर्याप्त अवसर और समर्थन की कमी की वजह से पैदा हुए हैं.”
“इसकी वजह से कई लोग हताशा और ख़तरों से भरे कदम उठाते हैं ताकि उन्हें और उनके परिवार को अच्छा भविष्य मिल सके.”
अमेरिकी सेना का एक विमान कथित तौर पर अमेरिका में बिना दस्तावेज़ों के रह रहे भारतीयों को लेकर अमृतसर के श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतर गया है.
डोनाल्ड ट्रंप के दूसरी बार सत्ता संभालने के बाद से ये अमेरिका में इस तरह से रह रहे भारतीयों का पहला निर्वासन है.इस समय संसद का बजट सत्र चल रहा है और माना जा रहा है कि विपक्ष दोनों ही सदनों में इस मुद्दे को उठा सकता है.
