उत्तर प्रदेश के 18 जिलों की जिला अदालतों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। धमकी मिलने के बाद अदालत परिसरों में अफरा-तफरी मच गई और सभी कोर्ट परिसर खाली कराए गए।
सूत्रों के अनुसार, लखनऊ, मेरठ, अयोध्या, वाराणसी, आजमगढ़, अमरोहा समेत 18 जिला अदालतों को दोपहर 12:15 बजे विस्फोट की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और न्यायालय प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी।
पुलिस और सुरक्षा बलों की कार्रवाई
मौके पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीम तैनात की गई। सुरक्षा बल अदालत परिसरों की सघन तलाशी ले रहे हैं और हर कोने की जांच कर रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि दो दिन पहले भी यूपी की कई जिला अदालतों को इसी तरह धमकी दी गई थी, जो बाद में फर्जी साबित हुई थी। पुलिस इस बार भी ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उद्देश्य का पता लगाने में जुटी है।
अधिकारियों ने कहा कि अदालत परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
