दिवाली और छठ के त्योहार की वजह से रेलवे में मुसाफ़िरों की बड़ी भीड़ देखी जा रही है. कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि त्योहारों के लिए रेलवे ने उचित व्यवस्था नहीं की है.
कांग्रेस ने रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी भीड़ की तस्वीरों के साथ रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से सवाल किए हैं. सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि ट्रेनों के टॉयलेट में 8 मुसाफ़िर बैठे हुए हैं.
पोस्ट में लिखा है, “बिहार जाने वाली ट्रेन के टॉयलेट में 8 यात्री बैठे हुए हैं. सभी त्योहारों पर घर जा रहे हैं. ये तस्वीरें आनंद विहार रेलवे स्टेशन की है. दिवाली और छठ के लिए जो 7 हज़ार स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं वो कहाँ चल रही हैं?”
इससे पहले रविवार सुबर मुंबई के बांद्रा टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में जगह पाने के लिए भगदड़ मच गई थी. इस भगदड़ में 9 लोग घायल भी हुए थे.
हालाँकि रेलवे हर साल त्योहारों के मौक़ेपर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा करता है, लेकिन आमतौर पर हर साल ट्रेनों में इसी तरह की भीड़ देखी जाती है.
