कई देशों ने हज के दौरान अपने नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि की है. हर साल, दुनियाभर से लाखों मुसलमान श्रद्धालु हज के लिए सऊदी अरब में जुटते हैं.
सऊदी अरब में भीषण गर्मी की वजह से कई देशों के सैकड़ों हाजियों की मौतें हुई हैं.इंडोनेशिया की सरकार के मुताबिक़ क़रीब दो सौ इंडोनेशियाई हज यात्रियों की मौत इस साल अब तक हो चुकी है.
समाचार एजेंसी एएफ़पी को एक राजनयिक ने बताया है कि भारत के भी 68 हाजियों की मौत इस साल हज के दौरान अब तक हो चुकी है.
इस साल हज के दौरान अब तक 900 से अधिक मौतें हो चुकी हैं, लेकिन सऊदी अरब ने कोई अधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है.
हज को सुरक्षित बनाने में नाकाम रहने के लिए सऊदी अरब को आलोचना का भी सामना करना पड़ रहा है.हज के दौरान मारे जाने वाले लोगों को सऊदी अरब में ही दफ़न किया जाता है.बहुत से मुसलमान, हज यात्रा के दौरान मौत को आशीर्वाद के रूप में लेते हैं.
