दिल्ली में आयोजित एआई समिट से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है. Bill Gates ने किसी कारणवश समिट में अपना निर्धारित भाषण नहीं देने का फैसला किया है. इस बारे में जानकारी Bill & Melinda Gates Foundation ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की.
फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि अब उनकी जगह अंकुर वोरा, जो गेट्स फाउंडेशन के अफ्रीका और इंडिया हेड हैं, समिट को संबोधित करेंगे. आयोजकों के मुताबिक यह निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि सम्मेलन का पूरा फोकस उसके मुख्य विषयों और प्राथमिकताओं पर बना रहे. अंकुर वोरा का संबोधन फाउंडेशन के कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर केंद्रित होगा.
भारत के प्रति प्रतिबद्धता कायम
गेट्स फाउंडेशन ने स्पष्ट किया है कि भारत में उसके कामकाज और साझेदारी में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं होगा. फाउंडेशन स्वास्थ्य, पोषण, कृषि और डिजिटल नवाचार जैसे क्षेत्रों में भारत सरकार और अन्य साझेदारों के साथ मिलकर काम करता रहेगा. यह फैसला केवल एआई समिट के कार्यक्रम प्रबंधन को ध्यान में रखकर लिया गया है.
राष्ट्रपति मैक्रों और पीएम मोदी रहेंगे मौजूद
दिल्ली में आयोजित एआई समिट में फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron भी भाग लेंगे. इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी सचिव एस. कृष्णन के अनुसार, प्रधानमंत्री Narendra Modi 19 फरवरी को शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन सत्र में मैक्रों सहित करीब 20 राष्ट्राध्यक्षों की उपस्थिति रहेगी, जिससे यह आयोजन वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
ऋषि सुनक का बड़ा बयान
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री Rishi Sunak ने एआई को लेकर भारत की संभावनाओं पर बड़ा बयान दिया है. PTI की रिपोर्ट के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के एक संवाद सत्र में उन्होंने कहा कि भारत अपने विशाल प्रतिभा भंडार और मजबूत डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के दम पर एआई के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व कर सकता है.
