नई दिल्ली/मेरठ, 3 अप्रैल। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर टोल दरों में वृद्धि कर दी है। नई दरें मंगलवार रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। इस फैसले के बाद एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले हल्के और भारी वाहनों को अब पहले से अधिक टोल चुकाना होगा।
परियोजना निदेशक अरविंद कुमार के निर्देश के अनुसार टोल दरों में 5 रुपये से 25 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। मेरठ से सराय काले खां तक सफर करने वाले सभी वाहन चालकों पर इसका असर पड़ेगा।
क्या हैं नई टोल दरें?
- कार, जीप और वैन: 170 रुपये से बढ़कर 175 रुपये
- 24 घंटे में वापसी: 255 रुपये से बढ़कर 265 रुपये
- मिनी बस: 275 रुपये से बढ़कर 285 रुपये
- 24 घंटे वापसी: 415 रुपये से बढ़कर 425 रुपये
- बस/ट्रक: 580 रुपये से बढ़कर 595 रुपये
- 24 घंटे वापसी: 870 रुपये से बढ़कर 890 रुपये
मल्टी एक्सल वाहनों पर भी असर
मल्टी एक्सल और भारी वाहनों के लिए भी टोल बढ़ाया गया है। अब अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार 630 से 1130 रुपये तक की नई दरें लागू की गई हैं, जबकि 24 घंटे में वापसी पर अधिक शुल्क देना होगा।
कैशलेस हुआ काशी टोल प्लाजा
काशी टोल प्लाजा को पूरी तरह कैशलेस कर दिया गया है। अब वाहन चालकों को टोल चुकाने के लिए फास्टैग अनिवार्य रूप से सक्रिय रखना होगा। इसके अलावा बारकोड स्कैन कर UPI के माध्यम से भी भुगतान किया जा सकता है। नकद भुगतान की सुविधा समाप्त कर दी गई है।
