Homeदेश विदेशदिल्ली पुलिस ने नकली जूते बनाने वाली फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, संदीप...

दिल्ली पुलिस ने नकली जूते बनाने वाली फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, संदीप सिंह गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार थाना क्षेत्र में चल रही नामी ब्रांड्स के नकली जूते बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में फैक्ट्री मालिक संदीप सिंह (44) को गिरफ्तार किया गया।

कैसे हुई कार्रवाई

क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन एंड किडनैपिंग सेल को सूचना मिली थी कि इलाके में नाइकी, न्यू बैलेंस, एडिडास और स्केचर्स जैसे ब्रांड्स के नकली जूते तैयार किए जा रहे हैं। पुलिस ने इलाके की रेकी की और जांच के बाद संबंधित कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधियों से पुष्टि कराई।

इसके बाद क्राइम ब्रांच और कंपनियों के प्रतिनिधियों ने मिलकर फैक्ट्री पर छापा मारा

क्या-क्या बरामद हुआ?

छापेमारी में पुलिस ने निम्न सामग्री बरामद की:

  • 10,000 से अधिक नकली जूतों के अपर पार्ट्स

  • बड़ी कंपनियों के स्टिकर शीट्स

  • 6 भारी हीटिंग प्रेस मशीनें

  • 9 प्रिंटिंग स्क्रीन

  • 131 डाई और PVC रोल

पुलिस के मुताबिक, यह फैक्ट्री बिना अनुमति के लंबे समय से चल रही थी और नकली जूते बाजार में असली बताकर बेचे जा रहे थे।

आरोपी का बैकग्राउंड

गिरफ्तार आरोपी संदीप सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने साल 2000 में दिल्ली में आकर चावड़ी बाजार में प्रिंटिंग प्रेस में काम शुरू किया। वहीं से उन्होंने प्रिंटिंग की तकनीक सीखी और धीरे-धीरे अपना काम बढ़ाकर नकली जूते बनाने वाली फैक्ट्री में बदल दिया।

पुलिस अभी आरोपी के नेटवर्क और सप्लाई चैन की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नकली जूते किन-किन बाजारों में सप्लाई किए जा रहे थे।

केस दर्ज

इस मामले में धोखाधड़ी, जालसाजी और कॉपीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular