Homeदेश विदेशनीट के मुद्दे पर चर्चा की मांग, लोकसभा और राज्यसभा स्थगित

नीट के मुद्दे पर चर्चा की मांग, लोकसभा और राज्यसभा स्थगित

शुक्रवार को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही स्थगित कर दी गई.विपक्ष ने मांग की थी कि देश में चल रहे नीट विवाद को लेकर चर्चा की जाए और एक साझा संदेश देश के छात्रों को दिया जाए.

राहुल गांधी ने जैसे ही अपनी बात कहनी शुरू की, वैसे ही उनका माइक बंद कर दिया गया, जिसके बाद सदन में शोर होने लगा.

स्पीकर ओम बिरला से कहा गया कि वो सदन में इस पर चर्चा करवाएं. ओम बिरला ने विपक्ष से कहा कि वो राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान अपनी बात कहें अभी जो कहेंगे वो रिकॉर्ड में नहीं जाएगा.

ओम बिरला ने कहा कि ये पहले ही बताया गया था कि स्थगन प्रस्ताव और शून्यकाल, राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान नहीं चलेंगे.

हालांकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बोलना शुरू किया और कहा, “हिंदुस्तान के छात्रों को हम साझा संदेश देना चाहते थे विपक्ष और सरकार की तरफ से कि हम इस मुद्दे को ज़रूरी मानते हैं और इसलिए हमने सोचा था कि आज छात्रों का सम्मान करने के लिए हम नीट पर चर्चा करें. अब बात ये है कि दो फोर्सेज़ हैं…”

इतना कहने के बाद ही राहुल का माइक बंद हो गया और शोरगुल के बीच स्पीकर ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को उनकी बात कहने के लिए बुलाया.

इसके बाद हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई.

विपक्ष की मीटिंग में हुआ चर्चा का फैसला: राहुल गांधी

राहुल गांधी शुक्रवार सुबह संसद पहुंचे थे और परिसर में ही मीडिया से बात की.

राहुल ने कहा, “कल विपक्ष के नेताओं की बैठक हुई और सर्वसम्मति थी कि आज नीट के मुद्दे पर चर्चा चाहिए. हिंदुस्तान के छात्रों से कहना चाहूंगा कि ये आपका मुद्दा है हमें लगता है इंडिया गठबंधन को लगता है कि आज सबसे ज़रूरी बात आपकी है क्योंकि आप हिंदुस्तान के भविष्य हैं तो हमें लगा कि यहां संसद में चर्चा हो और फिर राष्ट्रपति का भाषण हो.”

“मैं प्रधानमंत्री से निवेदन करता हूं कि ये युवाओं का मुद्दा है और इसपर अच्छे से चर्चा होनी चाहिए, प्यार से चर्चा होनी चाहिए और सम्मानपूर्वक चर्चा होनी चाहिए. हम सम्मानपूर्वक करेंगे, आप भी चर्चा में हिस्सा लीजिए. क्योंकि ये युवाओं का मामला है. घबराए हुए हैं कि क्या होने वाला है नीट में तो संसद से ये संदेश जाना चाहिए कि सरकार और विपक्ष छात्रों की बात करता है.”

RELATED ARTICLES

Most Popular