गोरखपुर:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोक कल्याण की भावना रखने वाला व्यक्ति ही समाज में विख्यात होता है। लालच की भावना से कार्य करने वालों को समाज कभी अच्छे भाव से याद नहीं करता। उन्होंने कहा कि यह हमेशा स्मरण रखना होगा कि लोक कल्याण से ही राष्ट्र कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज जनपद गोरखपुर स्थित श्री भगवती प्रसाद कन्या महाविद्यालय इंटर कॉलेज के हीरक जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के हीरक जयंती द्वार और विद्यालय भवन के पुनरुद्धार कार्य का लोकार्पण भी किया।
बालिका शिक्षा लोक कल्याण की सशक्त मिसाल: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने विद्यालय के प्रणेता स्वर्गीय भगवती प्रसाद को स्मरण करते हुए कहा कि इस शिक्षण संस्थान की स्थापना लोक कल्याण की भावना से की गई थी, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सभी के सामने है।
उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का यह प्रयास समाज द्वारा कृतज्ञतापूर्वक याद किया जाता है। अच्छी नीयत से किए गए कार्यों के परिणाम भी सदैव अच्छे होते हैं।
गीता उपदेश का उल्लेख, कर्म पर दिया जोर
भगवान श्रीकृष्ण के गीता उपदेश का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्म करते समय परिणाम की चिंता नहीं करनी चाहिए।जो व्यक्ति हार-जीत की परवाह किए बिना कर्म करता है, उसे सफलता अवश्य प्राप्त होती है। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।
तकनीक को साधन बनाएं, अधीन न बनें: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने वर्तमान समय में तकनीक की उपयोगिता पर बल देते हुए कहा कि बच्चे तकनीक के अधीन न बनें, बल्कि तकनीक को अपने अधीन रखें।
उन्होंने बताया कि तकनीक के सदुपयोग से प्री-प्राइमरी से लेकर डिग्री स्तर तक शिक्षा में व्यापक सुधार संभव हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के माध्यम से 1 करोड़ 50 लाख बेसिक शिक्षा विद्यालयों का कायाकल्प किया गया, जिससे 60 लाख बच्चे दोबारा स्कूल लौटे। समयानुकूल तकनीक अपनाना प्रगति के लिए आवश्यक है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति में बालिका शिक्षा पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बनी राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों से अपील की कि वे एनईपी-2020 के अनुरूप अपनी कार्ययोजना बनाएं।
उन्होंने श्री भगवती प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज से भी अगले 25 वर्षों (शताब्दी वर्ष) के लक्ष्यों को ध्यान में रखकर योजना बनाने का आह्वान किया।
प्रोजेक्ट अलंकार से बदली माध्यमिक विद्यालयों की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट अलंकार’ के तहत प्रदेश के बड़ी संख्या में माध्यमिक विद्यालयों का पुनरुद्धार और कायाकल्प किया जा रहा है।
इस योजना के अंतर्गत:
-
राजकीय विद्यालयों को 100% वित्तीय सहायता
-
सहायता प्राप्त विद्यालयों को 75:25 के अनुपात में धनराशि दी जा रही है।
प्रदर्शनी का अवलोकन, छात्राओं को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने विद्यालय में चित्रकला, गृह विज्ञान, व्यावसायिक शिक्षा और रेडक्रॉस विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।उन्होंने विद्यालय की हीरक जयंती स्मारिका ‘चेतना’ का विमोचन किया और शिक्षा एवं खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
हीरक जयंती समारोह में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष ऋषभ जैन, प्रबंधक डॉ. शिवशरण दास, सांसद रवि किशन शुक्ल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
