Homeउत्तर प्रदेशघबराइए मत, हर समस्या का समाधान होगा’ - जनता दर्शन में बोले...

घबराइए मत, हर समस्या का समाधान होगा’ – जनता दर्शन में बोले सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। हर फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया— “घबराइए मत, हर समस्या का समाधान कराया जाएगा।”

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर पीड़ित की समस्या का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

सीएम खुद लोगों तक पहुंचे, प्रार्थना पत्र पढ़कर दिए निर्देश

गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री कुर्सियों पर बैठे लोगों के बीच स्वयं पहुंचे।“कहां से आए हैं, क्या समस्या है?” जैसे आत्मीय शब्दों के साथ उन्होंने एक-एक व्यक्ति की समस्या सुनी और प्रार्थना पत्र पढ़े। इसके बाद अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भूमि विवाद और कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कड़ी कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए और कहा कि पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मिलेगी आर्थिक सहायता

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया किइलाज के अभाव में कोई भी पीड़ित नहीं रहेगा।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल से संबंधित इस्टीमेट जल्द तैयार कर शासन को भेजें, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त सहायता दी जा सके।

बच्चों को दुलार, शिक्षा के लिए किया प्रेरित

जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्नेहपूर्वक दुलारा। उन्होंने बच्चों को नियमित स्कूल जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया और उन्हें मिष्ठान्न भी भेंट किए।

गोशाला में गोसेवा, मोर ‘पुंज’ पर भी लुटाया स्नेह

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की दिनचर्या परंपरागत रही।उन्होंने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाया। इसके बाद मंदिर परिसर की गोशाला में गोसेवा की।

मुख्यमंत्री ने गोवंशों को नाम लेकर पुकारा, उन्हें दुलारा और अपने हाथों से रोटी-गुड़ खिलाया। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद मोर ‘पुंज’ भी उनके पास आया, जिसे मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक भोजन कराया।

RELATED ARTICLES

Most Popular