Homeउत्तर प्रदेशनबाबगंज पुलिस पर लापरवाही का आरोप, 5 दिन बाद बोरे में मिला...

नबाबगंज पुलिस पर लापरवाही का आरोप, 5 दिन बाद बोरे में मिला किशोरी का शव

फर्रुखाबाद जनपद के नबाबगंज थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों ने थाना अध्यक्ष पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, किशोरी अपने पड़ोस के एक युवक के साथ करीब 50 हजार रुपये नगद और लाखों के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गई थी। आरोप है कि युवक ने किशोरी को अपने साथ ले जाने के दौरान नींद की गोलियां दीं। वहीं, बताया जा रहा है कि किशोरी ने भी घरवालों को बेहोश करने के लिए दूध में नींद की गोलियां मिला दी थीं।

पीड़ित पिता का कहना है कि उन्होंने नामजद आरोपियों के खिलाफ थाने में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन थाना प्रभारी राजेश कुमार ने समय पर कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों का आरोप है कि दबाव के चलते दूसरे दिन एफआईआर दर्ज की गई और पुलिस ने केवल औपचारिकता पूरी की।

घटना का दुखद अंत तब हुआ जब 5 दिन बाद किशोरी का शव मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में काली नदी के किनारे बोरे में बंद मिला। शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती, तो उनकी बेटी की जान बच सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी युवक की तलाश जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular