Homeमनोरंजनरोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग: MCOCA के तहत होगी जांच,...

रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग: MCOCA के तहत होगी जांच, मुख्य शूटर अब भी फरार

मुंबई: बॉलीवुड फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में जांच तेज हो गई है। मुंबई पुलिस ने इस केस की जांच अब महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) के तहत करने का फैसला किया है। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में स्थानीय बदमाशों के साथ किसी संगठित अपराध गिरोह की भी भूमिका हो सकती है।

4-5 राउंड फायरिंग से मचा हड़कंप

31 जनवरी की देर रात और 1 फरवरी की तड़के अज्ञात हमलावरों ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर 4 से 5 राउंड गोलियां चलाई थीं। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य शूटर फरार

पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन मुख्य शूटर अभी भी फरार है। आरोपी की तलाश के लिए 12 टीमें गठित की गई हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को मुंबई के एस्प्लेनेड कोर्ट (किला कोर्ट) में पेश किया गया, जहां पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की है।

हथियार सप्लाई करने वाला मैकेनिक गिरफ्तार

जांच में सामने आया है कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार एक गैरेज मैकेनिक आसाराम फासले (42), निवासी पुणे ने उपलब्ध कराया था। पुलिस के मुताबिक फासले कुछ समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग से प्रभावित था और कथित तौर पर शुभम लोनकर से जुड़ा हुआ था, जिसे बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का मास्टरमाइंड बताया जाता है।

पुलिस का कहना है कि हथियार पहले एक अन्य आरोपी को दिया गया और बाद में वही हथियार हमलावर तक पहुंचा।

डिजिटल सबूत खंगाल रही पुलिस

जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी आपस में ‘Signal’ ऐप के जरिए बातचीत कर रहे थे, ताकि संवाद गोपनीय रहे। पुलिस डिलीट किए गए चैट्स और रिकॉर्डिंग को रिकवर करने की कोशिश कर रही है, जिससे साजिश के पीछे के मास्टरमाइंड का पता लगाया जा सके।

वायरल पोस्ट की जांच

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें कथित तौर पर बिश्नोई गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। पुलिस इस पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है। हालांकि, अब तक पुलिस ने आधिकारिक तौर पर लॉरेंस बिश्नोई का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया है।

मुंबई पुलिस का कहना है कि MCOCA की धाराएं जोड़ने से आरोपियों के नेटवर्क और संगठित अपराध से जुड़े पहलुओं की गहराई से जांच संभव होगी। मुख्य शूटर की गिरफ्तारी के लिए प्रयास लगातार जारी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular