Homeदेश विदेशडोडा में चार जवानों की मौत, राहुल गांधी बोले- भाजपा की ग़लत...

डोडा में चार जवानों की मौत, राहुल गांधी बोले- भाजपा की ग़लत नीतियों का ख़मियाज़ा जवान भुगत रहे

जम्मू-कश्मीर के डोडा में चरमपंथियों के साथ एनकाउंटर में सेना के एक कैप्टन समेत चार जवानों की मौत हुई है.भारतीय सेना ने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर ट्वीट करके जानकारी दी है कि चरमपंथियों के साथ मुठभेड़ में कैप्टन ब्रजेश थापा, नाइक डी राजेश, सिपाही बिजेंद्र और सिपाही अजय की मौत हुई है.

सेना ने पोस्ट में लिखा है, ”थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी और भारतीय सेना के सभी रैंक की ओर से कैप्टन ब्रजेश थापा, नाइक डी राजेश, सिपाही बिजेंद्र और सिपाही अजय के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट की जाती हैं, जिन्होंने डोडा में क्षेत्र में शांति सुनिश्चित करने के लिए आतंक-रोधी अभियान के दौरान अपना कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए.”

”भारतीय सेना इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है.”रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर पोस्ट में मारे गए जवानों को श्रद्धांजलि दी है.

राजनाथ सिंह ने जानकारी दी है,’आतंक रोधी अभियान जारी है और हमारे जवान आतंकवाद के अभिशाप को ख़त्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.’

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में मारे गए जवानों को श्रद्धांजलि दी है और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं.

राहुल गांधी ने लिखा है, ”आज जम्मू कश्मीर में फिर से एक आतंकी मुठभेड़ में हमारे जवान शहीद हो गए. शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों को गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं.”

”एक के बाद एक ऐसी भयानक घटनाएं बेहद दुखद और चिंताजनक है. लगातार हो रहे ये आतंकी हमले जम्मू-कश्मीर की जर्जर स्थिति बयान कर रहे हैं. भाजपा की ग़लत नीतियों का खमियाज़ा हमारे जवान और उनके परिवार भुगत रहे हैं.”

RELATED ARTICLES

Most Popular