उत्तर प्रदेश के गोंडा ज़िले में चंडीगढ़ डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए थे. इस हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 26 अन्य घायल हुए हैं.
यह ट्रेन हादसा गुरुवार दोपहर बाद हुआ था, लेकिन इस रूट पर अब तक ट्रेन सेवा बहाल नहीं हो पाई है.
एनईआर रेलवे ज़ोन के प्रवक्ता पंकज सिंह ने बीबीसी को बताया है कि घटना वाली जगह पर अप लाइन को डीज़ल इंजन की ट्रेनों के लिए रात क़रीब 12 बजे तैयार कर लिया गया था.
हालाँकि रूट पर पर बिजली के तार (ओवर हेड वायर) और अन्य काम पूरा करने के लिए ब्लॉक लिया गया है, यानी रूट पर अभी ट्रेनें नहीं चालाई जा सकी हैं.
इस रूट पर अप और डाउन लाइन पर ट्रेन सेवा कब तक बहाल हो पाएगी, इसकी तस्वीर अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है.
इस बीच गुरुवार को हुए हादसे की वजह से रेलवे ने रूट पर कुछ ट्रेनों को रद्द भी कर दिया था, जबकि कई ट्रेनों के रूट में बदलाव भी किया गया है.
