Homeउत्तर प्रदेशगोरखपुर को 250 करोड़ की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री योगी ने फ्लाईओवर का...

गोरखपुर को 250 करोड़ की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री योगी ने फ्लाईओवर का किया लोकार्पण

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद गोरखपुर में लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें बरगदवा चौराहे से जेल रोड पर नकहा जंगल–मानीराम स्टेशनों के मध्य स्थित 4-लेन रेल उपरिगामी सेतु (ROB) और बरगदवा–कौवाबाग जेल बाईपास मार्ग पर खजांची चौराहे का फ्लाईओवर शामिल है।

रेल उपरिगामी सेतु 152.18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हुआ है, जिसकी लंबाई 1,092 मीटर है, जबकि खजांची चौराहे पर स्थित फ्लाईओवर 96.50 करोड़ रुपये की लागत से बना है और इसकी लंबाई 605 मीटर है।

जाम से मिलेगी राहत, आवागमन होगा सुगम: सीएम योगी

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से गोरखपुर महानगरवासियों को जाम से मुक्ति मिलेगी और यातायात व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुगम होगी।

उन्होंने कहा कि पहले नकहा रेलवे क्रॉसिंग पर लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता था, लेकिन अब फ्लाईओवर बनने से फर्टिलाइजर फैक्ट्री, स्पोर्ट्स कॉलेज और अन्य क्षेत्रों की ओर यात्रा आसान हो जाएगी।

2017 के बाद बदली गोरखपुर की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले यह क्षेत्र वीरान था, लेकिन आज यहां फर्टिलाइजर का भव्य कारखाना, सैनिक स्कूल, एसएसबी, सुंदर चिलुआताल, राप्तीनगर में आवासीय कॉलोनियां और उत्सव भवन मौजूद हैं।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज का भी नया और आधुनिक स्वरूप देखने को मिल रहा है।

डबल इंजन सरकार ने विकास को दी रफ्तार

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को नई दिशा दी। पहले प्रदेश भय, दंगा, अराजकता और असुरक्षा का शिकार था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त और सुरक्षित राज्य बन चुका है।

उन्होंने कहा कि अब गोरखपुर की पहचान माफिया या बीमारी नहीं, बल्कि वर्ल्ड क्लास सड़कों, एम्स, फर्टिलाइजर प्लांट, आयुष विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और गीडा में निवेश से होती है।

45 लाख करोड़ का निवेश, 1.5 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश में 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जो प्रदेश के लगभग 1.5 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार की गारंटी हैं।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर में गीडा से लेकर धुरियापार तक उद्योगों की श्रृंखला खड़ी हो चुकी है, जिससे स्थानीय युवाओं को यहीं स्किल डेवलपमेंट और रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

4-लेन कनेक्टिविटी से बदला गोरखपुर

सीएम योगी ने कहा कि आज गोरखपुर में हर दिशा में 4-लेन कनेक्टिविटी उपलब्ध है।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए अब गोरखपुर से लखनऊ की दूरी मात्र 3.5 घंटे में तय हो रही है, जो पहले 8 से 10 घंटे लगती थी।

उत्तर प्रदेश अब ‘उत्सव प्रदेश’

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश उपद्रव प्रदेश नहीं, बल्कि उत्सव प्रदेश बन चुका है। प्रयागराज, काशी, अयोध्या, गोरखपुर और अन्य तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ इसका प्रमाण है।

विकसित भारत की यात्रा का हिस्सा गोरखपुर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास को पूरे प्रदेश तक समान रूप से पहुंचा रही है। गोरखपुर में बन रहा इंफ्रास्ट्रक्चर अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है।

कार्यक्रम में रहे मौजूद

इस अवसर पर सांसद रवि किशन शुक्ल, गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, मत्स्य मंत्री संजय निषाद, अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular