Homeउत्तर प्रदेशग्रेटर नोएडा वेस्ट के कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में भीषण आग, मची अफरा-तफरी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में भीषण आग, मची अफरा-तफरी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गोल्डन आई मॉल की कमर्शियल बिल्डिंग में गुरुवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग टी-3 टावर की 9वीं मंजिल पर लगी और कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। ऊंची मंजिल से उठती लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। आग ऊपरी मंजिल पर होने के कारण राहत और बचाव कार्य में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद दमकल विभाग इसकी जांच करेगा।

आग लगते ही बिल्डिंग में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular