कानपुर। Indian Institute of Technology Kanpur (आईआईटी कानपुर) परिसर में शनिवार को 26 वर्षीय जूनियर टेक्नीशियन अंजू कुमारी का शव उनके कमरे में पंखे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वैलेंटाइन डे की सुबह मंगेतर से फोन पर विवाद के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फोन पर कहासुनी के बाद काटा कॉल
झारखंड के जादूगोड़ा की रहने वाली अंजू पिछले तीन वर्षों से आईआईटी कानपुर में कार्यरत थीं। पुलिस के मुताबिक, उनकी शादी उड़ीसा के पावर हाउस में तैनात पंकज नामक युवक से तय थी और जल्द ही सगाई होनी थी।
वैलेंटाइन डे की सुबह दोनों के बीच फोन पर बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि मंगेतर के डांटने पर अंजू ने कथित तौर पर कहा कि वह फांसी लगाने जा रही हैं और कॉल काट दिया।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची टीम
घटना के बाद मंगेतर ने आईआईटी कैंपस में रहने वाले परिचित को अंजू के कमरे पर भेजा। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक कोई जवाब न मिलने पर वॉर्डन और पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया तो अंजू का शव पंखे से लटका मिला।उन्हें तुरंत आईआईटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कल्याणपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
कमरे से मिली निजी डायरी
पुलिस को कमरे की तलाशी के दौरान एक निजी डायरी और कुछ कागजों के टुकड़े मिले हैं। अधिकारियों के अनुसार, डायरी में निजी जीवन से जुड़ी बातें लिखी गई हैं, जिनके आधार पर आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
एडीसीपी पश्चिम ने बताया कि युवती के भाई ने भी करीब एक वर्ष पूर्व आत्महत्या की थी, जिसके बाद से वह अवसाद में थीं। हालांकि परिवार का कहना है कि उन्होंने कभी किसी परेशानी की जानकारी नहीं दी।
आईआईटी कानपुर में बढ़ती घटनाएं
आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो वर्षों में देशभर के आईआईटी संस्थानों में 30 आत्महत्या के मामले सामने आए हैं। इनमें से 10 मामले अकेले Indian Institute of Technology Kanpur में दर्ज हुए हैं। इसके बाद Indian Institute of Technology Kharagpur में 7 मामले सामने आए।
