Homeउत्तर प्रदेशई-रिक्शा बरामद, मालिक से रिश्वत मांगने का आरोप

ई-रिक्शा बरामद, मालिक से रिश्वत मांगने का आरोप

रिपोर्ट – अंकित पांडेय 

हमीरपुर। कुरारा थाना क्षेत्र के झलोखर गांव निवासी भगवान दास ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ई-रिक्शा बरामद होने के बावजूद पुलिस उसे वापस नहीं कर रही है। पीड़ित ने एक पुलिसकर्मी पर पांच हजार रुपये रिश्वत मांगने का भी आरोप लगाया है।

भगवान दास के मुताबिक उनका ई-रिक्शा खराब हो गया था। वह गांव के ही एक रिक्शा चालक के साथ ई-रिक्शा को टूचिंग कराकर कुरारा में मरम्मत के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान वह ई-रिक्शा रिपेयरिंग करने वाले से बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि मौका पाकर उनके साथ आया रिक्शा चालक और उसका एक साथी ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी भगवान दास ने कुरारा थाना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पीड़ित के अनुसार, पूछताछ के बाद पुलिस ने ई-रिक्शा को सरसई-भैंसापाली मार्ग से बरामद कर थाने में खड़ा करा दिया।

भगवान दास का आरोप है कि जब उन्होंने अपना ई-रिक्शा वापस मांगा तो पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उनसे पांच हजार रुपये की मांग की। उनका कहना है कि आरोपी से पैसे लेकर उसे छोड़ दिया गया, जबकि वह अपना ई-रिक्शा लेने के लिए लगातार थाने के चक्कर लगा रहे हैं।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि थाने में तैनात एक एसआई द्वारा उनसे बार-बार पैसे की मांग की जाती है और विरोध करने पर उन्हें थाने से भगा दिया जाता है।

भगवान दास ने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अपना ई-रिक्शा वापस दिलाने और रिश्वत मांगने के आरोपों की जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular