Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर में गांधी और शास्त्री जयंती पर हुए विविध कार्यक्रम, स्वच्छता और...

हमीरपुर में गांधी और शास्त्री जयंती पर हुए विविध कार्यक्रम, स्वच्छता और सेवा का लिया संकल्प

हमीरपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर हमीरपुर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों व विद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का गायन हुआ। कई स्थानों पर प्रभातफेरी, स्वच्छता अभियान, पदयात्रा, रक्तदान शिविर और सर्वधर्म प्रार्थना जैसे कार्यक्रम भी हुए।

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अशोक कुमार ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान रामधुन और देशभक्ति गीतों के बीच दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रसेवा में योगदान को याद किया गया।

सत्य, अहिंसा और सादगी को जीवन में अपनाने की अपील

संगोष्ठी में जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के जरिए देश को स्वतंत्रता के मार्ग पर आगे बढ़ाया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश से देशसेवा की प्रेरणा दी।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ शासकीय कार्यप्रणाली में भी अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनके आदर्शों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जिले में विकास योजनाओं की जानकारी

जिलाधिकारी ने जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 2.13 लाख से अधिक किसानों को 717.13 करोड़ रुपये से ज्यादा की धनराशि डीबीटी के माध्यम से दी जा चुकी है।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 40 हजार से अधिक पक्के आवास बनाए जाने की जानकारी दी गई। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 54 हजार से ज्यादा बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन और 18 हजार से अधिक निराश्रित महिलाओं को पेंशन का लाभ मिल रहा है।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें ‘लखपति दीदी’ बनाने का काम जारी है। जल जीवन मिशन के तहत 324 गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है।

गांधी जी के राठ आगमन की स्मृति में लगाए 29 पौधे

महात्मा गांधी के वर्ष 1929 में राठ आगमन की स्मृति में कलेक्ट्रेट परिसर में 29 फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ ऐतिहासिक स्मृतियों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।

स्कूलों में प्रतियोगिताएं, अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव

गांधी और शास्त्री जयंती के अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खेलकूद और दौड़ प्रतियोगिताएं, फल वितरण, रक्तदान शिविर और स्वच्छता अभियान आयोजित किए गए। गांधी पार्क में गांधी जी के विचारों पर चर्चा की गई।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में वाद-विवाद, रंगोली, मेहंदी, चित्रकला और पोस्टर प्रतियोगिताएं कराई गईं। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। जिला महिला चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव के तहत नवजात बालिकाओं और उनकी माताओं को सम्मानित किया गया।

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, मलिन बस्तियों और नदी घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जिले को स्वच्छ, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रिजवाना शाहिद, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी आदर्श कुमार, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular