Homeउत्तर प्रदेशभारी बारिश के चलते स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर, जिले में 36...

भारी बारिश के चलते स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर, जिले में 36 बाढ़ चौकियां स्थापित, RRT टीम सक्रिय

रिपोर्ट: अंकित पांडेय

हमीरपुर। मानसून की भारी बारिश को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जनपद में बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरे जिले में 36 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं, जहां चिकित्सा टीमों की तैनाती कर उन्हें सतर्क रखा गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बाढ़ जैसी आपदा में त्वरित चिकित्सा सेवा देने के लिए जिला प्रशासन के समन्वय से संबंधित कर्मचारियों की मॉकड्रिल पहले ही कराई जा चुकी है। प्रत्येक ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य इकाई पर रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) को सक्रिय कर दिया गया है ताकि प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।

विभाग ने सभी ब्लॉकों में जीवनरक्षक दवाएं, ओआरएस पैकेट, जिंक टैबलेट, क्लोरीन टैबलेट, ब्लीचिंग पाउडर, एंटी स्नेक वेनम (ASV) वैक्सीन और अन्य आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा दी हैं।

जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी-पीएचसी में एंटी स्नेक वेनम, एंटी रेबीज वैक्सीन, ओआरएस और अन्य जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और सभी इकाइयों को निर्देश दिए गए हैं कि जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत मेडिकल टीम भेजकर लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें और स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या बाढ़ चौकी पर तैनात टीम से संपर्क करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular