लखनऊ, 3 अप्रैल। उत्तर प्रदेश में Yogi Adityanath सरकार की योजनाएं ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही हैं। हमीरपुर जनपद की कीर्ति सिंह इसका जीता-जागता उदाहरण बनकर सामने आई हैं। कभी अध्यापिका और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में काम करने वाली कीर्ति ने वर्ष 2018 में महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़कर अपने जीवन की नई शुरुआत की, जो उनके लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुई।
आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ते हुए कीर्ति ने अगस्त 2025 में 10 महिलाओं के साथ मिलकर दरियापुर स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में “प्रेरणा कैंटीन” की शुरुआत की। करीब 11 लाख रुपये के निवेश से शुरू हुआ यह प्रयास आज एक सफल उद्यम के रूप में स्थापित हो चुका है, जिसका टर्नओवर लगभग 1.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वर्तमान में इस कैंटीन से 8 महिलाएं जुड़ी हैं और प्रत्येक महिला को हर महीने करीब 8 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है।
यह कैंटीन सिर्फ रोजगार का साधन नहीं, बल्कि पोषण और स्वच्छता का भी बेहतरीन उदाहरण बन चुकी है। यहां रोजाना 332 बच्चों को पौष्टिक नाश्ता, दूध और भोजन किफायती दर पर उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही विद्यालय के शिक्षकों के लिए भी भोजन की व्यवस्था की जाती है। कीर्ति का मानना है कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वच्छ और पौष्टिक भोजन बेहद जरूरी है।
कीर्ति सिंह की सफलता में सरकार की योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्वयं सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने पहले बैंक सखी के रूप में अनुभव हासिल किया और अब उद्यमिता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत ऋण के लिए भी आवेदन किया है, जिससे वे अपने इस व्यवसाय का विस्तार करना चाहती हैं।
आज वह न केवल खुद आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दे रही हैं।
