Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर: पति की जमीन में हक के लिए डीएम कार्यालय में दंडवत...

हमीरपुर: पति की जमीन में हक के लिए डीएम कार्यालय में दंडवत हुई महिला, रोते-बिलखते मांगा न्याय

रिपोर्ट: अंकित पाण्डेय 

हमीरपुर में पति की जमीन में अपना हक पाने के लिए एक महिला को जिलाधिकारी कार्यालय में दंडवत होकर न्याय की गुहार लगानी पड़ी। रोती-बिलखती महिला कलेक्ट्रेट परिसर में जमीन पर लेटकर डीएम कार्यालय की ओर बढ़ने लगी। महिला का आरोप है कि उसके ससुराल वाले उसे पति की जमीन में हिस्सा नहीं दे रहे हैं और न ही घर में रहने के लिए जगह दे रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी अशोक कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एसडीएम को निर्देश दिए।

मामला मौदहा कोतवाली क्षेत्र के खड़ेही लोधन गांव का है। यहां की रहने वाली देवरती अपने पति की जमीन में हिस्सेदारी और रहने के लिए जगह दिलाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची थी। महिला का कहना है कि उसका पति पिछले एक साल से लापता है। ऐसे में वह अपने हक के लिए लगातार परेशान हो रही है, लेकिन उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है।

जमीन पर लेटकर मांगा न्याय

कलेक्ट्रेट परिसर में देवरती अचानक जमीन पर लेटकर दंडवत करते हुए डीएम कार्यालय की ओर बढ़ने लगी। वह रोते-बिलखते हुए अधिकारियों से न्याय दिलाने की गुहार लगा रही थी। महिला के इस तरह प्रदर्शन करने से मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान उसकी ओर गया।

महिला पुलिसकर्मियों ने उसे उठाया और जिलाधिकारी के सामने पेश किया। इसके बाद महिला ने अपनी परेशानी बताते हुए ससुराल पक्ष पर पति की जमीन में हिस्सा नहीं देने और घर में रहने की जगह नहीं देने का आरोप लगाया।

पति एक साल से लापता, पुलिस कार्रवाई पर भी उठाए सवाल

देवरती के मुताबिक, उसका पति पिछले एक साल से लापता है। उसने इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन उसका आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पति के लापता होने और जमीन में हिस्सा नहीं मिलने के कारण वह परेशान है। इसी समस्या को लेकर वह जिलाधिकारी के पास पहुंची और अपने अधिकारों की मांग की।

डीएम ने एसडीएम को दिए निर्देश

महिला की शिकायत सुनने के बाद जिलाधिकारी अशोक कुमार ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित एसडीएम को महिला की समस्या का समाधान कराने को कहा। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इसके बाद महिला को जमीन में हिस्सा दिलाने की कार्रवाई की गई

RELATED ARTICLES

Most Popular