रिपोर्ट: अंकित पांडेय
हमीरपुर। राठ कोतवाली क्षेत्र के कुर्रा गांव में महिला को घर से ले जाकर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। पीड़िता ने गांव के ही एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता के मुताबिक 25 अगस्त की रात करीब 10 बजे आरोपी उसके घर आया और दुकान में सामान दिलाने के बहाने उसे अपने साथ ले गया। आरोप है कि सुनसान जगह पर बने एक कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर उसके साथ जबरदस्ती की गई।
पीड़िता का आरोप है कि 26 अगस्त को वह शिकायत लेकर राठ कोतवाली पहुंची, लेकिन पुलिस ने घंटों टहलाया और उसकी तहरीर में लिखे गंभीर आरोपों को दरकिनार करते हुए दुष्कर्म की जगह छेड़खानी की धाराओं में खानापूर्ति कर दी।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल:
पीड़िता ने राठ कोतवाली पुलिस की कार्यशैली और मंशा पर सीधे सवाल खड़े किए हैं। पीड़िता का कहना है कि सीएचसी राठ में उसका मेडिकल परीक्षण भी औपचारिकता भर किया गया, सही से जांच नहीं हुई और सादे कागज पर अंगूठा लगवाकर उसे लौटा दिया गया। ऐसे में पुलिस की नीयत और जांच पर सवाल उठना लाजिमी है।
भाजपा नेता भी पहुंचे SP ऑफिस:
मामले को लेकर भाजपा जिलामंत्री डॉ. महेंद्र शुक्ला भी पीड़ित परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और कहा कि गरीब महिला के साथ हुई घटना में पुलिस को गंभीरता दिखानी चाहिए थी, लेकिन उल्टा धाराएं हल्की कर दी गईं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की मांग की।
फिलहाल पीड़िता ने एसपी से मामले की गंभीरता से जांच, मेडिकल प्रक्रिया की दोबारा समीक्षा और आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में कड़ी कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।
