लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय श्यामू रावत के रूप में हुई है, जो टेंट लगाने का काम करता था। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने किसान यूनियन के साथ मिलकर मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सरोजनीनगर के बेहटवा गांव में हुआ, जहां भागवत कथा का आयोजन होना था। श्यामू रावत टेंट लगाने के दौरान लोहे की सीढ़ी पर चढ़कर पाइप फिट कर रहे थे। इसी दौरान तेज हवा के कारण पाइप पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुडंबा क्षेत्र के निवासी परिजनों ने किसान यूनियन के साथ मिलकर श्मशान घाट के पास धरना दिया और प्रशासन से मुआवजे की मांग की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
फिलहाल, बिजली विभाग और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी है, जबकि परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं।
