Homeदेश विदेशविनेश फोगाट पर बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर कांग्रेस ने क्या...

विनेश फोगाट पर बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर कांग्रेस ने क्या पलटवार किया?

विनेश फोगाट को कांग्रेस का टिकट मिलने के बाद बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर अब कांग्रेस की भी प्रतिक्रिया सामने आई है.

शुक्रवार को पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया कांग्रेस में शामिल हुए थे. विनेश को कांग्रेस ने हरियाणा के जुलाना से विधायकी का टिकट भी सौंप दिया है.

इस पर बृजभूषण शरण सिंह ने विनेश पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वे महिला खिलाड़ियों के सम्मान में नहीं बैठे थे बल्कि राजनीति के लिए बैठे थे.

बृजभूषण के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, “ये आज की बात नहीं है. आज़ादी के आंदोलन में भी कांग्रेस अंग्रेज़ों के ख़िलाफ़ खड़ी थी और ये उसके साथ खड़े थे.”

पवन खेड़ा ने कहा कि ‘जो ग़लत करता है भाजपा उसके साथ होती है और वो भाजपा के साथ होता है. जिसके साथ ग़लत होता है कांग्रेस उसके साथ लड़ती है उसकी आवाज़ उठाती है इसीलिए वे कांग्रेस को पसंद करते हैं.’

बृजभूषण के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘छह-छह खिलाड़ियों ने एफ़आईआर दर्ज कराई थी. उसमें बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ गंभीर धाराएं लगी हुई हैं. हमें गर्व है कि हम अपनी बेटियों के साथ खड़े थे, खड़े हैं और खड़े रहेंगे.’

उन्होंने कहा, “बृजभूषण शरण सिंह को जहां चुनाव प्रचार करना है वे करें. लोगों को भी पता चलना चाहिए कि कौन महिलाओं के साथ खड़ा है और कौन उनकी आवाज़ को उठाता है.”

बृजभूषण के हुड्डा परिवार को निशाने पर लिए जाने पर पवन खेड़ा ने कहा कि ‘अगर समाज में किसी के साथ ग़लत होता है तो कोई भी ज़िम्मेदार नेता ज़रूर उसकी आवाज़ उठाएगा. खु़द प्रियंका गांधी पहलवानों के धरने पर जाकर बैठीं. इसमें क्या ग़लत है, यही तो करना चाहिए. अगर हम अत्याचार और अपराध के ख़िलाफ़ उठाई जाने वाली आवाज़ के साथ शामिल नहीं हो सकते तो हम भला किस बात की राजनीति कर रहे हैं?’

बृजभूषण शरण सिंह ने विनेश फोगाट को लेकर क्या कहा था

बृजभूषण शरण सिंह ने विनेश फोगाट को लेकर कहा था- “विनेश फोगाट से पूछना चाहता हूं कि एक खिलाड़ी एक दिन में दो वज़न में ट्रायल दे सकता है, क्या वज़न के बाद पांच घंटे तक कुश्ती रुकवाई जा सकती है. क्या एक खिलाड़ी एक दिन में दो वेट कैटेगरी में ट्रायल दे. इसमें आपने हक़ नहीं मारा, क्या पांच घंटे तक कुश्ती नहीं रुकवाई, क्या रेलवे के रेफ़रियों का इस्तेमाल नहीं किया गया. आप कुश्ती जीत करके नहीं गई थीं, आप चीटिंग करके गई थीं. जूनियर खिलाड़ियों का हक़ मार कर गई थीं, भगवान ने वही सज़ा दी है आपको.”

बृजभूषण शरण सिंह महिला पहलावानों के यौन शोषण के मामले में अभियुक्त हैं.

उनके ख़िलाफ़ यौन शोषण के आरोपों को लेकर महिला पहलवानों ने दिल्ली के जंतर-मंतर समेत कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन किया था.

RELATED ARTICLES

Most Popular