रसोई में हरा धनिया और हरी मिर्च लगभग रोज इस्तेमाल होने वाली चीजें हैं। लेकिन इन्हें सही तरीके से स्टोर न करने पर ये कुछ ही दिनों में मुरझाने, सूखने या खराब होने लगते हैं। यदि आप भी इन्हें बार-बार फेंकने को मजबूर हो जाते हैं, तो स्टोर करने का तरीका बदलना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। कुछ आसान उपाय अपनाकर धनिया और हरी मिर्च को लंबे समय तक ताजा रखा जा सकता है।
धनिया को ऐसे करें स्टोर
अगर धनिया को बाजार से आए प्लास्टिक बैग में ही फ्रिज में रख दिया जाए, तो बैग के अंदर नमी जमा हो जाती है और पत्तियां जल्दी गलने लगती हैं।
इसके लिए सबसे अच्छा तरीका है कि धनिया को हल्के हाथों से सुखाकर एयरटाइट कंटेनर में रखें। कंटेनर के नीचे एक सूखा पेपर टॉवल बिछा दें, ताकि अतिरिक्त नमी उसमें सोख ली जाए। इसके बाद धनिया को एक परत में रखें, कंटेनर बंद करें और फ्रिज में रख दें। इससे धनिया लंबे समय तक हरा और ताजा बना रह सकता है।
पानी वाले गिलास की ट्रिक भी है असरदार
धनिया की डंठल का निचला हिस्सा हल्का-सा काटकर उसे थोड़ा पानी भरे कांच के गिलास में रखें और ऊपर से ढीले तरीके से प्लास्टिक बैग ढक दें। इससे डंठल को लगातार नमी मिलती रहती है और पत्तियां लंबे समय तक ताजा रहती हैं। हालांकि, इस तरीके में हर दो-तीन दिन में पानी बदलना जरूरी है।
हरी मिर्च को लंबे समय तक ताजा रखने का तरीका
हरी मिर्च को स्टोर करने से पहले उसकी डंठल निकाल दें। इसके बाद हल्दी मिले पानी से धोकर साफ पानी से अच्छी तरह साफ करें और सूती कपड़े से पूरी तरह सुखा लें। ध्यान रखें कि मिर्च पर बिल्कुल भी नमी न रहे।
अब मिर्च को जिप-लॉक बैग में रखें और उसमें छिली हुई लहसुन की 2-3 कलियां डाल दें। बैग को बंद करके फ्रिज में रख दें। इससे हरी मिर्च जल्दी सूखने या सिकुड़ने से बच सकती है।
नमी से बचाना क्यों है जरूरी?
फ्रिज के अंदर हवा नमी को कम करती है, जिससे धनिया और हरी मिर्च जैसी चीजें धीरे-धीरे अपनी ताजगी खोने लगती हैं। वहीं, यदि इनमें अतिरिक्त पानी या नमी रह जाए, तो वे जल्दी सड़ भी सकती हैं। इसलिए स्टोर करने से पहले इन्हें अच्छी तरह सुखाना और सही कंटेनर का उपयोग करना बेहद जरूरी है।
इन आसान ट्रिक्स को अपनाकर आप हरा धनिया और हरी मिर्च को लंबे समय तक ताजा रख सकते हैं और बार-बार खराब होने से बचा सकते हैं।
