उत्तर प्रदेश विधानसभा बजट सत्र की शुरुआत 18 फरवरी से हो रहा है. 20 फरवरी को योगी सरकार अपना नौवां बजट पेश करेगी. इस बजट पर सभी की नजरें टिकी हुई है कि योगी सरकार किन योजनाओं पर फोकस करेगी. खबरों की माने तो इस बार योगी सरकार के बजट में गरीब, युवा, किसान और महिलाओं पर खास जोर रहेगा. इसके साथ ही विकास की योजनाओं को भी बजट में शामिल किया गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक योगी सरकार वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में चार नए एक्सप्रेस वे के निर्माण के लिए धनराशि देकर उनके निर्माण कार्य को जल्दी पूरा करने पर ज़ोर देगी. इसके साथ ही बजट में राज्य के संतुलित विकास को तवज्जो दी जाएगी. जिसमें महिलाओं से लेकर युवा, किसान और गरीब तबके के लिए विशेष प्रावधान दिए जा सकते हैं. इस बजट पर केंद्र के बजट की झलक भी दिख सकती है.
जानकारी के मुताबिक योगी सरकार प्रयागराज में हुई कैबिनेट बैठक में विंध्य-पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से 100 किमी विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस बनाए जाने की घोषणा की थी. जिसके लिए बजट में प्रावधान किया जा सकता है. वहीं चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस वे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भी धनराशि आवंटित की जा सकती है. इनके अलावा बिजली उत्पादन की योजनाएं, नए औद्योगिक गलियारों के निर्माण पर भी जोर दिया जा सकता है.
यूपी सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना विभिन्न विभागों से आए प्रस्तावों पर मंथन कर आने की नीतियां निर्धारित करने में जुटी हुई है. जिसके आधार पर बजट को अंतिम रूप दिया जाएगा. इस बजट में बुजुर्ग की वृद्धावस्था पेंशन, किसानों को मुफ्त बिजली, गरीबों को सस्ती बिजली और महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की योजनाओं को भी शामिल किया जा सकता है. सरकार अपने धार्मिक एजेंडे के तहत काशी, मथुरा और अयोध्या के लिए भी धनराशि दे सकती है. सरकार युवा उद्यमी विकास अभियान को भी विस्तार दे सकती है.
योगी सरकार ने प्रदेश का पहला वानिकी यूनिवर्सिटी स्थापित करने का ऐलान किया है, इसके लिए बजट में 50 करोड़ रुपये की रकम अलॉट कर सकती है. इस यूनिवर्सिटी में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन का पढ़ाई कराई जाएगी, जिसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है.
