उत्तर प्रदेश के कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर 2 लाख रुपये नकद और बाइक की मांग पूरी न होने पर उसे बेचने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद बदला पति का व्यवहार
पीड़िता मूल रूप से कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र की रहने वाली है। उसका आरोप है कि शादी के शुरुआती कुछ महीनों तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में पति का व्यवहार बदल गया। वह छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करने लगा और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।
महिला के मुताबिक, सितंबर 2025 में पति ने अचानक 2 लाख रुपये नकद और एक पल्सर मोटरसाइकिल की मांग की। असमर्थता जताने पर उत्पीड़न और बढ़ गया। पति कथित तौर पर केरोसिन डालकर जिंदा जलाने की धमकी देता था।
जबरन संबंध बनाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि पति घर में अज्ञात लोगों को बुलाता था और शराब पिलाकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता था। 27 सितंबर 2025 की रात वह चार अज्ञात व्यक्तियों को घर लाया और कथित तौर पर कहा कि उसने पत्नी को उनके हाथों बेच दिया है।
विरोध करने पर महिला को एक कमरे में बंद कर दिया गया, भूखा-प्यासा रखा गया और मारपीट की गई। उसे धमकी दी गई कि रात में जिंदा जला दिया जाएगा।
112 पर कॉल कर बचाई जान
किसी तरह मौका मिलते ही महिला ने अपने मायके वालों को सूचना दी। भाई के पहुंचने पर आरोपी ने उसे भी धक्का देकर भगा दिया। इसके बाद पीड़िता ने 112 आपातकालीन सेवा पर कॉल कर मदद मांगी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
कैंट थाने की पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और मानव तस्करी जैसी गंभीर धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
