केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांवड़ यात्रा के रूट पर मौजूद दुकानों पर नाम लिखने को लेकर कहा है कि ने सरकार ने एक आदेश दिया है और इसका पालन होना चाहिए.
समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में गिरिराज सिंह ने कहा है, “ऐसे आदेश पर कोई विवाद नहीं होना चाहिए और न ही किसी को घबराने की ज़रूरत है. अगर हमारे पास प्रमाण है तो उसे दिखाने में कोई दिक्कत नहीं है.”
उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर की पुलिस ने कांवड़ यात्रा के रूट पर मौजूद खान पान की दुकानों पर उनके मालिक के नाम लिखने का निर्देश दिया था, उसके बाद इस मामले पर विवाद खड़ा हो गया है.
मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस के इस आदेश के बाद गीतकार जावेद अख़्तर ने इसकी तुलना ‘नाज़ी जर्मनी’ से की थी. जबकि बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख़्तार अब्बास नक़वी ने इसे छुआछूत से जोड़ा है.
छुआछूत को लेकर गिरिराज सिंह से सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा है कि “जो भी हो, किसी को नाम दिखाने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए.”
मुज़फ़्फ़रनगर के बाद अब हरिद्वार पुलिस ने भी कांवड़ मार्ग की दुकानों पर दुकान मालिक का नाम लिखने की सलाह दी है.
