उत्तर प्रदेश के संभल जिले के नरौली इलाके में प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए मदरसे को बुलडोज़र से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई संभल कोर्ट के आदेश के बाद की गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही।
सूत्रों के अनुसार, यह मदरसा खाद के गड्ढे और रास्ते की जमीन पर कब्जा करके बनाया गया था। इस अवैध निर्माण के लिए करीब 285 वर्ग मीटर भूमि पर कब्जा किया गया था। राजस्व विभाग की जांच में पाया गया कि यह जमीन ग्राम सभा की थी और सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित थी।
भारी पुलिस बल और प्रशासनिक टीम की मौजूदगी
चंदौसी SDM आशुतोष तिवारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार, सीओ और पूरी पुलिस टीम मौजूद थी। उन्होंने कहा कि अवैध मदरसा नरौली में खाद के गड्ढे और रास्ते की जमीन दोनों पर मिला हुआ था।
SDM ने आगे कहा कि इस मदरसे के अलावा आसपास सात-आठ और मकान भी इसी गाटर संख्या में आते हैं और आगे की कार्रवाई में उन्हें भी हटाया जाएगा।
कोर्ट के आदेश और नोटिस के बाद कार्रवाई
SDM ने बताया कि यह मामला जून 2024 से लंबित था। कोर्ट ने पहली बार आदेश जारी किया था, इसके बाद डेढ़ साल में नोटिस भी दिए गए। लेकिन जब अवैध निर्माणकर्ताओं ने स्वयं मदरसा नहीं हटाया, तो प्रशासन को सख्त कार्रवाई करने पर मजबूर होना पड़ा।
