नई दिल्ली: भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम इस महीने चार मैचों की सीरीज के लिए अर्जेंटीना दौरे पर जाएगी। मुकाबले 13 से 17 अप्रैल के बीच ब्यूनस आयर्स के सिनार्ड स्टेडियम में खेले जाएंगे। दोनों टीमों के बीच मैच 13, 14, 16 और 17 अप्रैल को होंगे, जिनका समय स्थानीय अनुसार सुबह 11 बजे और भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे रहेगा।
भारत और अर्जेंटीना के बीच पिछले कुछ समय में कड़ी टक्कर देखने को मिली है। हाल ही में FIH Pro League 2024-25 के दौरान दोनों टीमों के बीच मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा था, जिसका फैसला शूटआउट में हुआ।
यह दौरा भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे खिलाड़ियों को मजबूत अंतरराष्ट्रीय टीम के खिलाफ खुद को परखने का मौका मिलेगा। यह सीरीज आगामी FIH Hockey World Cup 2026 और एशियाई खेलों की तैयारी के लिहाज से भी अहम है।
टीम के मुख्य कोच Sjoerd Marijne ने कहा कि 24 खिलाड़ियों के दल के साथ अर्जेंटीना जाना एक रणनीतिक निर्णय है, जिससे अधिक खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस दौरे से यह आकलन किया जा सकेगा कि दबाव की परिस्थितियों में कौन खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करता है।
कोच ने टीम भावना पर जोर देते हुए कहा कि व्यक्तिगत प्रतिभा के साथ-साथ खिलाड़ियों का आपसी तालमेल भी बेहद जरूरी है। उनके अनुसार, टीम में वही खिलाड़ी जगह बना सकता है जो टीम के साथ मिलकर खेलने की क्षमता रखता हो।
