अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इसराइल को ईरान के परमाणु और तेल के ठिकानों पर हमला ना करने की चेतावनी दी है. बाइडन प्रशासन ने कहा है कि इसराइल को ख़ुद का बचाव करने और इस महीने के शुरुआत में किए गए ईरानी हमले का जवाब देने का अधिकार है.
हालांकि बाइडन ने यह भी कहा कि अगर इसराइल, ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले करता है तो वह इसका समर्थन नहीं करेंगे. बाइडन का मानना है कि ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले से स्थितियां और बिगड़ सकती हैं.इसके अलावा अमेरिका ने इसराइल को ईरान के तेल के ठिकानों से भी दूर रहने की चेतावनी दी है.
बाइडन ने चार अक्तूबर को दिए अपने एक पुराने बयान में भी कहा था कि ‘अगर मैं इसराइल की जगह होता तो मैं ईरानी तेल क्षेत्र पर हमले की जगह दूसरे विकल्पों के बारे में सोचता.’अमेरिका ने ईरान से इसराइली हवाई हमलों का जवाब ना देने की अपील भी की है.
अमेरिका के सीनियर अधिकारियों ने इस बारे में जारी किए गए बयान में कहा है, अगर ईरान, इसराइली हमले का जवाब देने का फ़ैसला करता है तो हम भी तैयार रहेंगे और ईरान को इक बार फिर से गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.
अमेरिकी अधिकारियों ने अपने बयान में यह भी कहा है कि ‘इसराइल और ईरान के बीच सीधी गोलीबारी को रोकना चाहिए. हम लेबनान में युद्ध को ख़त्म करने के लिए बातचीत का नेतृत्व करने और ग़ज़ा में भी युद्ध विराम की कोशिशों को इसराइली बंधकों की वापसी की कोशिश करने के लिए तैयार हैं.’
