लखनऊ। राजधानी के कैसरबाग स्थित अवध डिपो परिसर में श्री सिद्ध कल्याणेश्वर महादेव मंदिर का 49वां स्थापना दिवस और कजली तीज सोमवार, 14 सितंबर 2026 को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। भक्तों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
स्थापना दिवस समारोह में नागा अखाड़ा, सन्यासी अखाड़ा समेत विभिन्न अखाड़ों के साधु-संत शामिल हुए। स्थानीय नागरिकों, अधिवक्ताओं और रोडवेज कर्मचारियों ने भी आयोजन में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से साधु-संतों का सम्मान किया गया और उन्हें दान-दक्षिणा देकर विदा किया गया।
नगर निगम और जलकल विभाग ने संभाली व्यवस्थाएं
भंडारे को देखते हुए आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई कराई गई। नगर निगम के जोनल सेनेटरी ऑफिसर कुलदीपक सिंह और सुपरवाइजर रमन के निर्देशन में मंदिर परिसर की सफाई के साथ चूना डलवाया गया। वहीं, जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता उत्कर्ष राय की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था के तहत पानी का टैंकर उपलब्ध कराया गया।
मंदिर समिति ने सहयोगियों का जताया आभार
मंदिर प्रबंध समिति ने आयोजन में सहयोग के लिए रोडवेज कर्मचारी संघ कैसरबाग के अध्यक्ष आमिर जावेद और केबी रजनीश का आभार जताया। समिति ने कहा कि श्रद्धालुओं, साधु-संतों, स्थानीय नागरिकों और रोडवेज कर्मचारियों के सहयोग से स्थापना दिवस और कजली तीज का आयोजन सफल रहा।
कार्यक्रम में मंदिर समिति के प्रबंधक एसएन सिंह, अध्यक्ष राकेश दीक्षित, मंत्री आशीष पाण्डेय, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा, संगठन मंत्री सुनील तिवारी, मंदिर के पुजारी दयालु महाराज समेत समिति के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। देर तक मंदिर परिसर में धार्मिक उल्लास और भक्ति का माहौल बना रहा।
