लखनऊ। राजधानी के काकोरी क्षेत्र के मदारपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेत में करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला। सुबह लगभग 8 बजे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
ग्राम पंचायत इब्राहिम गंज के प्रधान शकील के अनुसार, प्रथम दृष्टया महिला के साथ मारपीट के बाद दुष्कर्म और फिर हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव की हालत देखकर लग रहा है कि महिला ने हमलावरों से बचने के लिए संघर्ष किया था। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, खासकर दोनों हाथों पर लाठी-डंडों से मारपीट के काले निशान स्पष्ट हैं।
मृतका मैक्सी पहने हुई थी और नंगे पैर थी, जबकि पास में पेटीकोट और दुपट्टा पड़े मिले हैं, जो घटना को और संदिग्ध बनाते हैं।
सूचना मिलते ही लखनऊ पुलिस के साथ एडीसीपी धनंजय कुशवाहा मौके पर पहुंचे। काकोरी, पारा और दुबग्गा थानों की टीमों ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और महिला की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
