उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वह बेरोजगार और जरूरतमंद लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था और फिर उन्हें जबरन देह व्यापार में धकेल देता था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को कभी पत्रकार तो कभी पुलिसकर्मी बताकर लोगों पर रौब जमाता था। वह फर्जी चैनल का आईडी कार्ड दिखाकर लड़कियों का भरोसा जीतता और बाद में उन्हें ब्लैकमेल करता था।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पश्चिम बंगाल की एक युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से भागकर पुलिस तक पहुंची। पीड़िता ने बताया कि उसे नौकरी के बहाने कानपुर बुलाया गया था, जहां उसे बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराया गया। आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर उसे डराया और लगातार शोषण करता रहा।
पुलिस ने जब आरोपी को गिरफ्तार किया तो उसकी कार से पुलिस की वर्दी, बेल्ट और कैप बरामद हुई। इससे यह भी संकेत मिलता है कि वह खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को डराने का काम करता था। आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ये सामान स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रोहित वर्मा के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल भी जा चुका है। इसके बावजूद उसने अपना अपराध जारी रखा और एक संगठित गिरोह खड़ा कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल ऑपरेशन टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से कल्याणपुर समेत कई होटलों में छापेमारी की। इस दौरान होटलों के रजिस्टर जब्त किए गए और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस को आरोपी के पास से कई होटलों की सूची और फर्जी आईडी कार्ड भी मिले हैं।
फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
