लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में सोमवार सुबह नर्सिंग छात्रों ने साथी छात्रा की मौत के बाद प्रदर्शन शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में छात्र नर्सिंग विभाग में जुटे और घेराव कर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने ‘वी वांट जस्टिस’ के नारे लगाए।
मौके पर डीन नर्सिंग समेत KGMU के कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने और प्रदर्शन खत्म कराने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे।

डेंगू से पीड़ित थी छात्रा, छुट्टी नहीं देने का आरोप30
प्रदर्शन कर रहे छात्रों के मुताबिक, 20223.241235 बैच की नर्सिंग छात्रा दिव्यांशी यादव की कई दिनों से तबीयत खराब थी। छात्रों का आरोप है कि दिव्यांशी को डेंगू हुआ था, लेकिन बीमारी के दौरान उसे छुट्टी नहीं दी गई।
छात्रों के अनुसार, हालत बिगड़ने के बाद दिव्यांशी को इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया, जहां करीब तीन दिन पहले इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत की खबर के बाद KGMU के नर्सिंग छात्रों में आक्रोश फैल गया।

जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। छात्रों का आरोप है कि नर्सिंग छात्रों के साथ मनमानी की जाती है और इंडियन नर्सिंग काउंसिल के नियमों का पालन नहीं किया जाता। उनका कहना है कि इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।
