कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या के मामले को सीबीआई को सौंप दिया गया है.
मामले की सीबीआई जांच पर बोलते हुए बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, “हमें सीबीआई की जांच पर भरोसा करना चाहिए. बशर्ते सुबूतों के साथ के साथ कोई छेड़छाड़ ना की गई हो.”
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक़, “इस मामले की जांच बहुत दिनों तक पुलिस के पास थी. इससे पहले भी ऐसे मामले सामने आए हैं जब सीबीआई को देर से मामला सौंपा गया. इससे सीबीआई के हाथ में कुछ रह नहीं जाता.”
सुकांत मजूमदार के मुताबिक़, “सुबूत घटनास्थल पर ही मौजूद रहते हैं. रेप और मर्डर जैसी घटनाओं में कुछ ऐसे सुबूत होते हैं जो थोड़े ही समय में नष्ट हो जाते हैं.”
कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या की घटना के मामले में शनिवार को भी देशभर के डॉक्टर्स प्रदर्शन कर रहे हैं.
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने कोलकाता की घटना के विरोध में 17 अगस्त को सभी मेडिकल सेवाओं को बंद करने का फ़ैसला किया है.
वहीं 16 अगस्त को ममता बनर्जी ने भी महिलाओं के साथ कोलकाता में एक रैली का आयोजन किया था.
