Homeमनोरंजनक्रिकेटर कुलदीप यादव बने दूल्हा, मसूरी में वंशिका चड्ढा संग रचाई शाही...

क्रिकेटर कुलदीप यादव बने दूल्हा, मसूरी में वंशिका चड्ढा संग रचाई शाही शादी

शहर के प्रतिष्ठित द सेवाय होटल में आयोजित इस भव्य समारोह में क्रिकेट, संगीत और फिल्म जगत की कई नामचीन हस्तियों की मौजूदगी ने इसे यादगार बना दिया। दो दिनों तक चले इस आयोजन ने मसूरी को मानो उत्सव की रोशनी से भर दिया।

शाम होते ही बैंड-बाजे और ढोल की थाप के बीच बरात निकली और शाही अंदाज में सजे मंडप में विवाह की रस्में संपन्न हुईं। दूल्हे कुलदीप यादव शाही घोड़ी पर सवार होकर मंडप तक पहुंचे, जबकि दुल्हन वंशिका चड्ढा की एंट्री विंटेज कार में हुई। रोशनी, संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच मेहमान जश्न का हिस्सा बने रहे।

इस खास मौके पर क्रिकेट जगत के कई सितारे मसूरी पहुंचे। समारोह में युजवेंद्र चहल, रिंकू सिंह, सुरेशरैना और भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ी शामिल हुए।

वहीं भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा, टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप और पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ भी मुख्य विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मसूरी पहुंचे।

संगीत जगत से मशहूर गायक कैलाश खेर और फिल्म अभिनेता कुणाल कपूर ने भी समारोह में शिरकत की। इसके अलावा आध्यात्मिक गुरु धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे।

शादी से एक दिन पहले हल्दी, मेहंदी, संगीत और कॉकटेल समारोह आयोजित किए गए, जिनमें मेहमानों ने गीत-संगीत और नृत्य का भरपूर आनंद लिया।

रॉयल आइवरी थीम में सजा पूरा समारोह

इस भव्य विवाह की सबसे खास बात इसकी रॉयल आइवरी थीम रही। मंच, पृष्ठभूमि, पर्दे और फूलों की सजावट हल्के क्रीम और सफेद रंग के संयोजन में की गई थी।

हल्की सुनहरी रोशनी और झूमरों की चमक ने पूरे समारोह को शाही और सुरुचिपूर्ण रूप दिया। सफेद गुलाब, आर्किड और लिली जैसे फूलों से सजे मंडप और भव्य मंच ने कार्यक्रम को राजसी आभा प्रदान की।

विवाह समारोह की पूरी डिजाइनिंग “वेडिंग बाजार बाय केलविन इंटरनेशनल द्वारा की गई, जिसने रॉयल आइवरी थीम के अनुरूप पूरे आयोजन को शानदार रूप दिया।

शादियों में बढ़ रही ‘रॉयल आइवरी’ थीम की लोकप्रियता

रॉयल आइवरी थीम आधुनिक शादियों की एक बेहद लोकप्रिय सजावट शैली बनती जा रही है। इसमें हल्के क्रीम या ऑफ-व्हाइट रंग को आधार बनाकर पूरे समारोह की सजावट की जाती है, जिसे हल्के सुनहरे रंग और सौम्य रोशनी के साथ संयोजित किया जाता है।

इस थीम की खासियत इसकी सादगी, शालीनता और शाही आभा है। चमक-दमक के बजाय इसमें सौंदर्य और सुरुचिपूर्ण सजावट पर अधिक ध्यान दिया जाता है, यही कारण है कि बड़े और खास विवाह समारोहों में यह थीम तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular